ऑनर किलिंग पर CJI का बयान : कहा- लव अफेयर और इंटरकास्ट मैरिज की वजह से होती है हत्याए
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) डी वाई चंद्रचूड़ ने देश में ऑनर किलिंग के लिए लव अफेयर और इंटरकास्ट मैरिज को वजह माना है। शनिवार को उन्होंने कहा कि देश में हर साल प्रेम प्रसंग के चलते या दूसरी जाति में शादी करने की वजह से सैकड़ों युवा मार दिए जाते हैं। उन्होंने इस पर शोक भी जताया।
जस्टिस चंद्रचूड़ मुंबई में पूर्व अटॉर्नी जनरल अशोक देसाई की 90वीं जयंती पर हुए कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नैतिकता एक ऐसी अवधारणा है, जो हर व्यक्ति के लिए अलग-अलग होती है।
CJI ने 1991 के एक आर्टिकल का जिक्र किया
CJI ने 1991 के एक आर्टिकल का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे 1991 में उत्तर प्रदेश में एक 15 साल की लड़की को उसके माता-पिता ने मार डाला था। गांव वालों ने उस अपराध को स्वीकार कर लिया क्योंकि उनके मुताबिक लड़की ने समाज के खिलाफ कदम उठाया था। वह समाज जिसे पावरफुल लोगों ने बनाया है और उसका कमजोर तबके को पालन करना पड़ता है। जबकि ये नियम उस तबके के लोगों की परंपराओं के खिलाफ हैं।
उन्होंने कहा कि दबंग लोग जो तय करते हैं वही नैतिकता मानी जाती है। कमजोर तबकों को इतना दबाया जाता है कि वे खुद के नियम नहीं बना पाते।
HC या SC के लिए कोई मामला बड़ा या छोटा नही होता - CJI
जस्टिस चंद्रचूड़ ने कार्यक्रम के दौरान दोहराया कि कोई भी मामला कोर्ट के लिए बड़ा या छोटा नहीं होता। चाहे वह जिला न्यायपालिका हो या हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट । हर मामला कोर्ट के लिए महत्वपूर्ण है। लोग अपनी व्यक्तिगत स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अदालतों में अपना विश्वास जताते हैं।
Written By - KR Choudhary
0 टिप्पणियाँ